‘मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की प्राथमिकता’: रजनी तिवारी

Aug 26, 2026 - 17:20
Aug 27, 2026 - 13:08
 0  0
‘मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की प्राथमिकता’:  रजनी तिवारी

हरदोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के शुभारम्भ के अवसर पर बुधवार को गांधी भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग रजनी तिवारी रहीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान माताओं-बहनों को उपहार वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त तक तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं सिटी बस सेवा की बसों में सभी बहनों, बेटियों और माताओं को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण को समर्पित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना शुरू की गई है। इसके तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। इसी दृष्टिकोण से इन योजनाओं का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती पी.के. वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, यूपीएसआरटीसी हरदोई क्षेत्र के आरएम, एसएम एवं एआरएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0