लखीमपुर खीरी : वाईडीसी में एचपीवी जागरूकता सेमिनार, छात्राओं ने रैली निकालकर दिया कैंसर से बचाव का संदेश
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय (YDC) में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित 'आनंदी माँ-एक जीवन बचाओ अभियान' के अंतर्गत कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27 के तहत एक दिवसीय एचपीवी (HPV) जागरूकता सेमिनार एवं रैली का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में चल रहे इस प्रदेशव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मृत्यु दर चिंताजनक है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाकर स्वयं को सुरक्षित करें और परिवार की अन्य महिलाओं को भी इसके प्रति प्रेरित करें।
मुख्य वक्ता डॉ. सृजाम्या शाण्डिल्य ने बताया कि लगभग 99 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के मामले संक्रमण से जुड़े होते हैं। भारत में 2022 में इसके 1,27,526 नए मामले और 79,906 मौतें दर्ज की गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किशोरियों में समय पर एचपीवी टीकाकरण और नियमित स्क्रीनिंग से इस गंभीर बीमारी को पूरी तरह रोका जा सकता है।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. ज्योति पन्त ने उपस्थित छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन जागरूकता की शपथ दिलाई। सेमिनार के उपरांत प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने हरी झंडी दिखाकर एचपीवी जागरूकता रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर प्रो. नीलम त्रिवेदी, प्रो. नूतन सिंह, प्रो. विशाल द्विवेदी, प्रो. सुभाष चन्द्रा, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सौरभ वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0