ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, अंतरिक्ष में साहसिक मिशन के लिए मिला सर्वोच्च सम्मान

77वें गणतंत्र दिवस पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया,एक्सिओम-4 मिशन में ,SS यात्रा और अंतरिक्ष में ऐतिहासिक उपलब्धि,

Jan 26, 2026 - 22:50
Feb 6, 2026 - 16:11
 0  2
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, अंतरिक्ष में साहसिक मिशन के लिए मिला सर्वोच्च सम्मान

नई दिल्ली, अचल वार्ता।

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को यह सम्मान एक्सिओम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक यात्रा और अंतरिक्ष में असाधारण साहस, त्वरित निर्णय क्षमता तथा कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण के लिए दिया गया। उन्होंने वर्ष 2025 में अपनी स्पेस फ्लाइट सफलतापूर्वक पूरी की थी।

राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय

शुभांशु शुक्ला, विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करना भारतीय अंतरिक्ष इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

अंतरिक्ष में उगाई मेथी और मूंग, भारत के लिए बड़ी उपलब्धि

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतरिक्ष प्रवास के दौरान शुभांशु शुक्ला ने कई वैज्ञानिक और कृषि संबंधी प्रयोग किए। उन्होंने अंतरिक्ष में मेथी और मूंग के बीजों को सफलतापूर्वक उगाया, जिसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रयोग भविष्य में अंतरिक्ष में खाद्य उत्पादन और लंबी अंतरिक्ष यात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

युवाओं के लिए प्रेरणा बने शुभांशु शुक्ला

विशेषज्ञों और रक्षा अधिकारियों के अनुसार, शुभांशु शुक्ला का यह साहसिक सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि को भारतीय वायुसेना और पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया जा रहा है।

70 जवानों को वीरता पुरस्कार देने की मंजूरी

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश की रक्षा में असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान दिखाने वाले 70 सशस्त्र बलों के जवानों को वीरता पुरस्कार देने की मंजूरी दी।

इनमें छह पुरस्कार मरणोपरांत दिए जाएंगे।

वीरता पुरस्कारों में शामिल हैं—

  • 1 अशोक चक्र
  • 3 कीर्ति चक्र
  • 13 शौर्य चक्र (1 मरणोपरांत)
  • 1 बार टू सेना मेडल (वीरता)
  • 44 सेना मेडल (वीरता) (5 मरणोपरांत)
  • 6 नौसेना मेडल (वीरता)
  • 2 वायुसेना मेडल (वीरता)

गगनयान मिशन से जुड़े प्रशांत नायर को मिलेगा कीर्ति चक्र

इसके अलावा ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वे एक प्रतिष्ठित फाइटर टेस्ट पायलट हैं और भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हैं।

उनके नाम 3,000 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव दर्ज है और वे 2019 से इसरो के साथ गगनयान कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1