लखीमपुर खीरी : वन मंत्री ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित सम्मानित
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान की याद दिलाने वाला 80वां स्वाधीनता दिवस समारोह जनपद मे परम्परागत ढंग से धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण, अमर शहीदों को नमन करने के साथ ही विभिन्न संस्थाओं द्वारा देशभक्ति से ओत प्रोत कार्यक्रमों के अलावा, स्कूलो, कालेजों केे छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया। सभी तहसीलों, ब्लॉक कार्यालयों में सम्बन्धित अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट में हुआ। उप्र के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ० अरुण कुमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के बाद उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई गई। गांधी बालोद्यान विद्यालय और सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिन्हें मंत्री ने पुरस्कृत किया। इसके बाद वन मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधा का रोपण किया। कलेक्ट्रेट से पूर्व डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अपने कैम्प कार्यालय मेें भी ध्वजारोहण किया।
वन मंत्री ने कलेक्ट्रेंट में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितो सम्मानित किया गया। वही 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके निरमोहन सिंह सहित दो 80+ वरिष्ठ नागरिकों को माल्यार्पण एवं शाल उढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उन अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की चेतना को कभी गुलाम नहीं होने दिया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई से देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। कोरोना काल में भारत ने स्वयं वैक्सीन बनाकर अपने नागरिकों को सुरक्षा दी और करीब 100 देशों की मदद की। ओडीओपी, बेहतर सड़कें, ओवरब्रिज और बाईपास जैसी योजनाओं से रोजगार और विकास को गति मिली है।
वन मंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से काम करना होगा। सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों का सम्मान करना और देश की प्रगति में योगदान देना हर नागरिक का दायित्व है।उन्होंने सीएम योगी के नेतृत्व में स्थापित सुरक्षा माहौल को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताया।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें यह सोचने का अवसर देता है कि देश के विकास में हमारा योगदान क्या हो सकता है। हर परिवर्तन की शुरुआत विचार से होती है और विचार जब कर्म में बदलता है, तभी राष्ट्र निर्माण की राह मजबूत होती है।
भारत आज स्वावलंबन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लिया गया है। यदि प्रत्येक नागरिक ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को अपनाकर व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और अन्य स्वार्थों से ऊपर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे, तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल होगा। डीएम ने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों तक सीमित न रहे, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई दे। प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा योगदान भी देश की प्रगति में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आज दिलाए गए पंच प्रण के संकल्प को आत्मसात करने का आह्वान किया। राष्ट्र के विकास और सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। देशहित को सर्वोपरि रखते हुए पांच प्रण को अपने जीवन में उतारना ही स्वतंत्रता दिवस के संकल्प को सार्थक करेगा। कार्यक्रम के अंत में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में डीएफओ तापस मिहिर, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, ब्रजपाल सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय, एसडीएम अर्चना ओझा, एसडीएम ताहिर, डीएसओ सीमा त्रिपाठी, सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट कर्मियों ने गिटार पर सुनाया देशभक्ति गीत ।
कलेक्ट्रेट के कार्मिक कुशाग्र और प्रतीक श्रीवास्तव ने गिटार की मधुर धुन पर “दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए…” गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। उनकी यह प्रस्तुति उपस्थित सभी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी और समारोह में जोश भर गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0