अयोध्या में गेहूं बिक्री से पहले अनिवार्य हुई फार्मर रजिस्ट्री
अयोध्या में गेहूं बिक्री से पहले अनिवार्य हुई फार्मर रजिस्ट्री, 69 हजार किसान अभी बाकी
अयोध्या, अचल वार्ता । जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री के लिए अब किसानों को पहले फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना रजिस्ट्री के किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं खरीदा जाएगा। प्रशासन के अनुसार जिले में अभी 69,350 किसानों को रजिस्ट्री करानी बाकी है, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं। उप निदेशक कृषि डा. पी.के. कनौजिया ने बताया कि शासन के निर्देश के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 मई 2026 तक जिन किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई, वे न सिर्फ समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने से वंचित रह जाएंगे, बल्कि उन्हें बीज, उर्वरक, कीटनाशक, फसली ऋण और फसल बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल सकेगा।
किसानों की सुविधा के लिए 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिले के सभी गांवों में पंचायत भवनों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में पंचायत सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, बीटीएम, एटीएम सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ग्राम प्रधान और कोटेदार भी सहयोग करेंगे।
रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और खतौनी साथ लानी होगी। जो किसान कैंप में नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर भी फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि समय रहते रजिस्ट्री कराकर सरकारी योजनाओं और समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0