स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में आयुर्वेद एवं खेल विज्ञान पर विशेषज्ञ व्याख्यान
राई / सोनीपत , अचल वार्ता । स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में “खेलों में आयुर्वेद: शास्त्रीय अवधारणाएं एवं चिकित्सकीय प्रमाण” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चंदर ने आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. मीनू बत्रा का स्वागत किया। कुलपति श्री अशोक कुमार ने डॉ. मीनू बत्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. मीनू बत्रा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आयुर्वेद के सिद्धांतों के माध्यम से खिलाड़ियों के प्रदर्शन, रिकवरी और चोटों के पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने चरक संहिता, सुश्रुत संहिता एवं अष्टांग हृदय में वर्णित सिद्धांतों को आधुनिक खेल विज्ञान से जोड़ते हुए देह प्रकृति, निद्रा, अभ्यंग एवं शारीरिक बल के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने वात, पित्त और कफ प्रकृति के खिलाड़ियों की विशेषताओं तथा विभिन्न खेलों में उनके संभावित उपयोग को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही पत्र पिंड स्वेदन, पंचकर्म, अभ्यंग एवं अन्य आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के माध्यम से खिलाड़ियों की रिकवरी और चोट प्रबंधन की संभावनाओं पर चर्चा की।
व्याख्यान में हड़जोड़, गुडूची, बला अश्वगंधादि तेल, धन्वंतरम तेल एवं योगराज गुग्गुलु आदि के खेल चोटों एवं रिकवरी से संबंधित संभावित उपयोग पर भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0