मथुरा : वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर नशाखोरों का आतंक, श्रद्धालुओं में बढ़ी दहशत
वृंदावन के पंचकोषीय परिक्रमा मार्ग पर नशाखोरों और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों से श्रद्धालु परेशान। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई और धार्मिक माहौल सुरक्षित करने की मांग की।
परिक्रमा मार्ग पर नशाखोरों का आतंक, श्रद्धालुओं में दहशत
साधु वेश में बैठे अराजक तत्वों पर कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में रोष, धार्मिक माहौल पर उठे सवाल
मथुरा , अचल वार्ता। ठाकुर बांके बिहारी की नगरी वृंदावन में श्रद्धा और भक्ति के बीच अब अराजकता का माहौल भी गहराने लगा है। पंचकोषीय परिक्रमा मार्ग पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को नशाखोरों और असामाजिक तत्वों की अभद्रता का सामना करना पड़ रहा है। साधु वेश धारण कर बैठे कई लोग खुलेआम गांजा, चिलम और नशे के इंजेक्शन का सेवन करते नजर आते हैं, जिससे धार्मिक वातावरण दूषित हो रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिक्रमा मार्ग के कई हिस्सों में अवैध रूप से संचालित खोंमचे और अस्थायी दुकानों की आड़ में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। श्रद्धालुओं के विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की घटनाएं सामने आती हैं। स्थिति यह है कि कई बार नशे में धुत लोग पुलिसकर्मियों से भी उलझते दिखाई देते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही ।श्रद्धालुओं का कहना है कि घंटों लाइन में लगकर दर्शन करने के बाद जब परिक्रमा मार्ग में इस तरह का माहौल देखने को मिलता है तो उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से परिक्रमा मार्ग को अराजक तत्वों से मुक्त कराने और नियमित अभियान चलाने की मांग की है।
“परिक्रमा मार्ग में बैठे अराजक तत्वों की तरफ प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। अवैध खोंमचों और दुकानों की आड़ में नशेड़ियों का अड्डा बना रहता है। कई बार पुलिस के सामने ही गांजे का सेवन होता दिखाई देता है। यदि प्रशासन गंभीरता दिखाए तो ऐसे असामाजिक तत्वों पर आसानी से अंकुश लगाया जा सकता है।”
- पवन ठाकुर, नगर अध्यक्ष,
नगर उद्योग व्यापार मंडल, वृंदावन
वृंदावन में बढ़ती नशेड़ी प्रवृत्तियों पर प्रशासन की निष्क्रियता सरकार की छवि को नुकसान पहुँचा रही है। प्रशासन को तत्काल कठोर कदम उठाकर ब्रज की धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”
- कौशल किशोर ठाकुर जी
पीठाधीश्वर:सनातन धर्म रक्षापीठ वृंदावन
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0