लखीमपुर खीरी : समाधान दिवस में डीएम के निर्देश ।

Aug 1, 2026 - 17:59
 0  2
लखीमपुर खीरी : समाधान दिवस में डीएम के निर्देश ।

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने तहसील गोला गोकर्णनाथ में "संपूर्ण समाधान दिवस" में आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रतानुसार लाभान्वित भी किया जाय। आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान के लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात करें। पीड़ित/परेशान व्यक्ति की मनोदशा को समझें, उसकी भावना का सम्मान करें और पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या का समाधान किया जाए। जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 39, पुलिस 12, विकास 06, आपूर्ति 09, विद्युत, नगर निकाय, डूडा और वन के 01-01, अन्य के 11 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया गया। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ महक शर्मा, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0