लखीमपुर खीरी : छोटी काशी में कांवड़ मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

Aug 8, 2026 - 19:33
 0  3
लखीमपुर खीरी : छोटी काशी में कांवड़ मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। श्रावण मास में आस्था की नगरी छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर कांवड़ मेला व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, गेट-बैरियर और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को साफ संदेश दिया कि हर श्रद्धालु अतिथि है और उसकी सुरक्षा, सुविधा व सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 कांवड़ यात्रा महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन की सेवा, संवेदनशीलता और मुस्तैदी की परीक्षा भी है। सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्र, रूट व्यवस्था और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की कार्ययोजना से पहले ही पूरी तरह परिचित रहें। आपसी समन्वय में किसी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।

 श्रद्धालुओं को भीड़ के दबाव में नहीं, बल्कि चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाए। मंदिर में दर्शन व्यवस्था सुचारु होने के बाद ही आगे की भीड़ को बढ़ाया जाए, ताकि भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

डीएम ने विश्राम स्थलों पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल समेत सभी जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार और सेवा भाव बनाए रखने को कहा।

 व्यवस्था ऐसी हो कि लंबी यात्रा कर छोटी काशी पहुंचने वाला भोले का भक्त थकान नहीं, बल्कि संतोष और सुखद स्मृतियां लेकर लौटे। मंदिर प्रबंधन, पुलिस और प्रशासनिक अमला बेहतर तालमेल के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0