अयोध्या: सिपाही ने खाने के लिए मांगा मुर्गाः मालिक ने शिकायत दर्ज कराई, कहा-बेटियों ने पाला है, खाने के लिए नहीं दे सकते
मिल्कीपुर,अयोध्या, अचल वार्ता। कुमारगंज थाने में तैनात एक सिपाही पर पालतू मुर्गा मांगने और मालिक को धमकाने का आरोप लगा है। मसेढ़ा गांव के एक घुमंतू जनजाति के व्यक्ति ने थाने में सिपाही के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पिचाली ने बताया कि वह मसेढ़ा गांव के घुमंतू जनजाति से हैं।
कुमारगंज थाने में तैनात सिपाही आशिक अली अपने एक साथी के साथ उनके डेरे पर आए थे। उन्होंने गश्त के दौरान उनके पालतू मुर्गे को ले जाने की बात कही। पिचाली ने सिपाहियों को बताया कि यह मुर्गा उनकी बेटियों ने पाला है और वे इसे खाने के लिए नहीं दे सकते। इस पर सिपाही आशिक अली कथित तौर पर आग बबूला हो गए और उन्होंने अपशब्दों का प्रयोग किया। सिपाही ने धमकी देते हुए कहा कि "अगर यहां रहना है तो मुर्गा मुझे देना ही पड़ेगा।" इसके बाद, सिपाही ने पिचाली के बेटे अल्तीब का मोबाइल नंबर ले लिया और उसे बार-बार फोन कर मुर्गा देने के लिए दबाव बनाने लगे।
लगातार परेशान होने के बाद, पीड़ित पिचाली गुरुवार शाम सिपाहियों की शिकायत लेकर कुमारगंज थाने पहुंचे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने शिकायत पत्र लेने से मना कर दिया। उन्होंने इसे स्टाफ का मामला बताते हुए कहा कि बड़े साहब के आने पर ही शिकायत दर्ज की जाएगी।
देर इंतजार के बाद कुमारगंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने उन्हें शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया और दोनों सिपाहियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश का कहना है कि मामले की जांच कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0