मुरादाबाद : सिविल लाइन्स पुलिस ने महिला का 50 हजार रुपये से भरा गुम बैग लौटाया
मुरादाबाद, अचल वार्ता। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला का 50 हजार रुपये से भरा गुम बैग बरामद कर उसे सकुशल वापस कर दिया। पुलिस की इस कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है। हरियाणा निवासी एक महिला किसी कार्य से मुरादाबाद आई थीं। वह मझोला क्षेत्र से फव्वारा तक जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। सुबह करीब 11:30 बजे वह जल्दबाजी में ऑटो से उतर गई, लेकिन अपना बैग उसी में भूल गई। बैग में लगभग 50 हजार रुपये नकद के साथ अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। कुछ समय बाद जब महिला को अपने बैग के गुम होने का एहसास हुआ तो वह घबरा गई और तत्काल थाना सिविल लाइन्स पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को घटना की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तुरंत पुलिस टीम को सक्रिय किया और स्वयं सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर ऑटो की पहचान शुरू कराई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शीघ्र ही संबंधित ऑटो चालक का पता लगा लिया और उसे थाने बुलाया गया।
पूछताछ के दौरान चालक के पास महिला का बैग बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद महिला को थाने बुलाकर उनका बैग वापस कर दिया गया। जांच में पाया गया कि बैग में रखे सभी 50 हजार रुपये व अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित थे। बैग वापस मिलने पर महिला ने मुरादाबाद पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सामान गुम होने पर तुरंत यूपी-112 या नजदीकी थाने से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0