लखीमपुर खीरी : पुरानी ईंटों से बाउंड्रीवाल निर्माण पर सीडीओ सख्त

Aug 13, 2026 - 17:36
 0  3
लखीमपुर खीरी : पुरानी ईंटों से बाउंड्रीवाल निर्माण पर सीडीओ सख्त

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। विकास कार्यों में मनमानी और गुणवत्ता से खिलवाड़ पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को मितौली विकासखंड के पीएमश्री विद्यालय रतहरी में बाउंड्रीवाल निर्माण का मामला सामने आने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बाउंड्रीवाल में पुरानी ईंटों का प्रयोग मिला। दीवार पर साथ-साथ प्लास्टर भी कराया जा रहा था।

निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग देख सीडीओ ने मौके पर ही कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण की प्रक्रिया और गुणवत्ता की जानकारी ली। निरीक्षण में पाया गया कि दीवार में पुरानी ईंटें लगाई जा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने कंसलटिंग इंजीनियर और ग्राम पंचायत अधिकारी को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी न किए जाने पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के प्रति भी नाराजगी जताई। उन्होंने एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुसार ही कराए जाएं। लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0