अयोध्या: बुद्ध गाथा कार्यक्रम को लेकर हिंदू शेर सेना ने बाबा बाजार थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के बहापुर गांव में प्रस्तावित बुद्ध गाथा कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार की मांग की।
अयोध्या, मवई (अचल वार्ता)। बाबा बाजार थाना क्षेत्र में प्रस्तावित बुद्ध गाथा कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति बनती दिख रही है। सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग को लेकर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के पदाधिकारियों ने बाबा बाजार थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत भवानीपुर के अंतर्गत ग्राम बहापुर, तहसील रुदौली, जिला अयोध्या में 13 मार्च 2026 से बुद्ध गाथा कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में कथावाचक के रूप में आर.एल. बौद्ध को आमंत्रित किया गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कथावाचक आर.एल. बौद्ध विवादित वक्ता रहे हैं और उनके कई वीडियो सोशल मीडिया व यूट्यूब पर उपलब्ध हैं, जिनमें कथित तौर पर हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसे में इस कार्यक्रम से क्षेत्र में सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका हो सकती है।
राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना ने थाना प्रभारी से मांग की है कि कार्यक्रम की अनुमति निरस्त की जाए। यदि प्रशासन कार्यक्रम की अनुमति देता है तो पूरी कथा की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराई जाए और कथावाचक से पहले ही शपथ पत्र लिया जाए कि वे किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक भावनाओं के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के जिला अध्यक्ष गिरजाकांत दीक्षित, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष शिव शंकर तिवारी, भाजपा बाबा बाजार मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी, राधे रमण पांडेय, एडवोकेट अनिल तिवारी, अमित तिवारी और हरि शंकर पांडेय सहित हिंदू संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
- प्रदीप यादव
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0