पत्रकार के घर हमला, वीडियो वायरल

लखीमपुर खीरी के बिजुआ क्षेत्र में पत्रकार कैलाश गुप्ता के घर में घुसकर महिलाओं द्वारा मारपीट और हंगामा करने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

May 10, 2026 - 06:00
May 10, 2026 - 12:16
 0  3
पत्रकार के घर हमला, वीडियो वायरल

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । बिजुआ क्षेत्र की ग्राम पंचायत पडारिया तुला में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पत्रकार कैलाश गुप्ता के घर पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। आरोप है कि करीब आठ महिलाओं ने घर में घुसकर पत्रकार की पत्नी और मां के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गईं।

  घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों के मुताबिक घटना उस समय हुई जब पत्रकार कैलाश गुप्ता किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी पूनम गुप्ता और माता रेनु गुप्ता अकेली मौजूद थीं। आरोप है कि तभी अचानक कई महिलाएं घर में जबरन घुस आईं और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। 

  पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर काफी देर तक घर में हंगामा करते रहे और जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे गए। घटना के बाद परिवार दहशत में है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घर के भीतर अफरा-तफरी और विवाद का माहौल दिखाई देने की चर्चा है, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पत्रकारों और उनके परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

  घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो इससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। फिलहाल मामले को लेकर थाना अध्यक्ष भीरा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0