पीलीभीत : 9.60 करोड़ की लागत से बनेगा अमरिया तहसील भवन
- केंद्रीय मंत्रियों ने किया शिलान्यास; दो वर्ष में होगा निर्माण
अमरिया,पीलीभीत, अचल वार्ता। अमरिया तहसील मुख्यालय पर शनिवार को नवसृजित आवासीय एवं कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री व क्षेत्रीय सांसद जितिन प्रसाद तथा गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने शिलान्यास एवं भूमि पूजन कर किया। इसी के साथ वर्षों से लंबित पड़ा अमरिया तहसील मुख्यालय का नया भवन निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया।
गौरतलब है कि सपा शासन के अंतिम वर्ष 2016 में अमरिया तहसील अस्तित्व में आई थी। उस समय तत्कालीन व्यवस्था में आनन-फानन में सिंचाई विभाग के जर्जर भवन में तहसील कार्यालय स्थापित किया गया था। बरसात में मुख्यालय जलमग्न हो जाना, कमरों की टपकती छतें, कर्मियों के बैठने की दिक्कत और विधिक कार्यों में व्यवधान आम समस्या बनी रहती थी।
अब तहसील को अपना आधुनिक भवन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। अब शासन स्तर से प्रथम किश्त 1 करोड़ 61 लाख रुपये जारी होने के बाद कार्य तेजी से शुरू किया जा रहा है। कुल 9 करोड़ 60 लाख 46 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन को पूरा करने का लक्ष्य दो वर्ष निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य यूपी पीडब्ल्यूडी (निर्माण खंड भवन, लोक निर्माण विभाग) द्वारा किया जाएगा।निर्माण की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले पुराने भवनों का ध्वस्तीकरण होगा, इसके बाद मिट्टी भराव और फिर मुख्य भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित भवन में कम्युनिटी रूम, परगना अधिकारी कक्ष, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार कार्यालय, कोर्ट रूम, अभिलेखागार, मीटिंग हॉल, लॉकअप, नायब नाजिर रूम, कांस्टेबल बैरक, कैंटीन, गैराज, साइकिल स्टैंड, जनरेटर रूम सहित शौचालय व बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा।
भवन निर्माण अवधि के दौरान तहसील के सभी विधिक कार्य माधौपुर चौराहे स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से संचालित किए जाएंगे। नए भवन के पूरा होने के बाद अमरिया तहसील अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को एक सुदृढ़ एवं आधुनिक सुविधायुक्त परिसर का लाभ मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0