अयोध्या : परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, ADG प्रवीण कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अयोध्या में 14 कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर ADG प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी और SSP ने अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए।

Nov 17, 2026 - 19:15
 0  2
अयोध्या :  परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, ADG प्रवीण कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अयोध्या, अचल वार्ता। रामनगरी अयोध्या में 14 कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस लाइन अयोध्या में अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने मेला ड्यूटी में तैनात सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस विभाग के राजपत्रित अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की।

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और मेले में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

ड्यूटी पर समय से पहुंचें अधिकारी, व्यवस्थाओं का रखें पूरा ध्यान

अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन बर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहले पहुंचें। साथ ही अपने तैनाती क्षेत्र की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें।

अधिकारियों को एंबुलेंस व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, खोया-पाया केंद्र, पेयजल व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सकरे रास्तों, पुलियों, निर्माणाधीन स्थलों और बैरिकेडिंग वाले संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराने को कहा गया।

रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा गया कि वहां पर्याप्त रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रात्रि के समय रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष निगरानी रखी जाए।

जिलाधिकारी बोले- ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने से पहले पहुंचे प्रतिस्थानी

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सोमवार रात अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों का दोबारा निरीक्षण करें और यदि कहीं कोई कमी दिखाई दे तो उसे तत्काल दूर कराएं।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटने की संभावना है, वहां भीड़ प्रबंधन की तैयारी पहले से ही कर ली जाए। पिछली परिक्रमा के दौरान सामने आई समस्याओं से सीख लेते हुए इस बार ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए भोजन एवं पेयजल स्टालों के संचालकों से भी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी मजिस्ट्रेट या पुलिस अधिकारी तब तक अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा, जब तक उसका प्रतिस्थानी वहां नहीं पहुंच जाता।

उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी, समर्पण और मनोयोग के साथ ड्यूटी निभाने की अपील करते हुए कहा कि मेले को सकुशल संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

धार्मिक स्थलों और रेलवे क्रॉसिंग पर रहेगी विशेष निगरानी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने कहा कि प्रथम पाली में तैनात सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने ड्यूटी क्षेत्रों का पहले से निरीक्षण कर लें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने धार्मिक स्थलों और रेलवे क्रॉसिंगों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही क्राउड मैनेजमेंट के लिए नियमित रूप से पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA System) के माध्यम से अनाउंसमेंट कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को परिक्रमा मार्ग और मेला क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लगातार मिलती रहे।

एसएसपी ने बताया कि 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा के लिए दो शिफ्टों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।

मेला क्षेत्र को कई जोन में बांटकर संभाली जाएगी व्यवस्था

बैठक का संचालन पुलिस अधीक्षक नगर ने किया। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। मेला क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन के लिए घाट जोन, नागेश्वरनाथ जोन, हनुमानगढ़ी जोन, कनक भवन जोन, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण जोन सहित विभिन्न जोन बनाए गए हैं।

सभी मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करने तथा वहां तैनात पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार सहित अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 14 कोसी-पंचकोसी परिक्रमा एवं कार्तिक पूर्णिमा मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0