अम्बेडकर नगर: टीईटी पास होने की अनिवार्यता के विरोध में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Sep 15, 2025 - 16:57
Sep 17, 2025 - 08:53
 0  6
अम्बेडकर नगर: टीईटी पास होने की अनिवार्यता के विरोध में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अचल वार्ता,अंबेडकर नगर।। देश के सरकारी विद्यालयों में सेवारत शिक्षकों के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा टीईटी उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता लागू करने के निर्णय के विरोध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर आज पूरे देश में जिला मुख्यालयों पर जिला अधिकारी के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा ,इसी क्रम में अंबेडकर नगर में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर इकाई के पदाधिकारियों द्वारा जिला अध्यक्ष दिनेश नारायण सिंह के नेतृत्व में एक ज्ञापन जिला अधिकारी अंबेडकर नगर को दिया गया।

   जिला अध्यक्ष दिनेश नारायण सिंह ने बताया कि पिछले 1 सितंबर को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए एक निर्णय के कारण पूरे देश में कार्यरत शिक्षकों की सेवाओं पर संकट आ गया है। निर्णय के अनुसार सेवारत शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। इस स्थिति में शिक्षक समुदाय चिन्तित और अवसाद ग्रस्त हो गया है। 2010 के बाद नियुक्त शिक्षकों की नियुक्ति टीईटी उत्तीर्ण होने के आधार पर ही की गई है लेकिन 29 जुलाई 2011 के पूर्व उत्तर प्रदेश में नियुक्त शिक्षक टीईटी उत्तीर्ण नहीं है क्योंकि उस समय नियुक्ति की अर्हता में टीईटी की कोई व्यवस्था थी ही नहीं । वर्तमान में आए एक निर्णय के कारण 2011 के पूर्व नियुक्त उन सभी शिक्षकों के समक्ष एक संकट उपस्थित हो गया है जिनकी सेवाएं अभी 5 वर्ष से अधिक शेष हैं ऐसी स्थिति में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने विचार विमर्श के पश्चात यह निर्णय लिया कि वर्तमान भारत सरकार के माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष इस स्थिति के न्याय संगत और मानवता पूर्ण निराकरण के लिए पत्र भेज कर शिक्षकों की बात रखी जाए। संगठन के जिला महामंत्री कमलेश कुमार ने कहा की अधिकांश शिक्षक इस निर्णय से बहुत ही व्यथित और अवसाद ग्रस्त हैं क्योंकि शिक्षण कार्य करते हुए एक लंबी अवधि उन्होंने विद्यालयों में पूर्ण कर ली है और अभी तक ऐसी कोई स्थिति नहीं आई है की उनके शिक्षण में कोई कमी मिली हो ।

  हमें विश्वास है कि माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा शिक्षक समुदाय के हित में शीघ्र ही उचित निर्णय लिया जाएगा ।आज ज्ञापन देने के लिए जिला अध्यक्ष दिनेश नारायण सिंह उपाध्यक्ष शिवनारायण विश्वकर्मा महामंत्री कमलेश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष गिरिजेश चंद्र ,जिला मंत्री राधेश्याम विश्वकर्मा ,ब्लॉक अध्यक्ष टांडा निमेष कुमार जायसवाल, महामंत्री टांडा ओमप्रकाश वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष बसखारी सुनील कुमार सिंह,महामंत्री बसखारी लालमन यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0