पिथौरागढ़ : जनसुनवाई में 44 शिकायतें
पिथौरागढ़, अचल वार्ता । कलेक्ट्रेट सभागार, पिथौरागढ़ में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 44 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुईं, जिनकी सुनवाई अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने की।
जनसुनवाई के दौरान लोगों ने राजस्व, सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, अतिक्रमण तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई महज एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका प्रभावी समाधान करने का सशक्त मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित है और जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि जनसुनवाई में आने वाले सभी प्रकरणों पर संवेदनशीलता से आवश्यक कार्यवाही की जाती है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा उठाए गए प्रकरण जल्द से जल्द निस्तारित किए जाएंगे।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी पिथौरागढ़।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0