पीलीभीत : 41वें गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ, किसानों में दिखी खुशी
पीलीभीत, अचल वार्ता। किसान सहकारी चीनी मिल सम्पूर्णानगर,खीरी में रविवार को 41वें गन्ना पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ परंपरागत वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन तथा विधि- विधान के साथ किया गया। डोंगे के समीप बनाए गए हवनकुंड पर प्रधान प्रबंधक रमेश कुमार, मुख्य अतिथि पलिया विधायक रोमी साहनी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसानों ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर आहुतियां अर्पित कीं।
पूजन कार्य पुरोहित पंडित उत्तम कुमार दीक्षित व पंडित सर्वेश मिश्रा ने संपन्न कराया।पूजा के बाद विधायक रोमी साहनी ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर बैलगाड़ी तथा ट्राली कांटे पर गन्ना तौल की शुरुआत की।
सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसान बलराम सैनी (ग्राम खजुरिया) और ट्रैक्टर-ट्राली से आए किसान हरविंदर सिंह विर्क (ग्राम बहादुर नगर) को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद कंप्यूटरीकृत तौल कांटे का विधिवत उद्घाटन किया गया।तत्पश्चात विधायक ने केन कैरियर का बटन दबाकर पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस दौरान सैकड़ों किसान मौजूद रहे, जिनके चेहरे पर राहत और उत्साह साफ दिखाई दिया। प्रधान प्रबंधक रमेश कुमार ने किसानों से अपील की कि वे मिल में साफ, ताजा तथा जड़-पत्ती रहित गन्ना आपूर्ति करें, जिससे तौल व पेराई प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोमी साहनी, उपाध्यक्ष इंद्रदीप सिंह उर्फ बटन,पूर्व चेयरमैन दिलावरजीत सिंह,ब्लॉक प्रमुख विरेन्द्र शुक्ला, मुख्य गन्ना अधिकारी उदयभान सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0