अयोध्या: खुशियों के बीच मातम, अनियंत्रित डंपर ने ली 27 वर्षीय युवक की जान

Mar 5, 2026 - 14:40
Mar 15, 2026 - 22:18
 0  210
अयोध्या: खुशियों के बीच मातम, अनियंत्रित डंपर ने ली 27 वर्षीय युवक की जान

अयोध्या, अचल वार्ता। कुमारगंज थाना क्षेत्र के देवगांव चौकी अंतर्गत रसूलपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। होली मनाने आये अपने रिश्तेदार के घर एक युवक को तेज रफ्तार डंपर गाड़ी नंबर UP42DT1276 ने कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने डंपर और चालक को हिरासत में ले लिया है।

  प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत (बघौड़ा) कच्चे का पुरवा निवासी आकाश तिवारी पुत्र दिनेश तिवारी रसूलपुर गांव में अपने रिश्तेदार विनोद शुक्ला के घर आए थे। बताया जा रहा है कि विनोद शुक्ला के घर में आकाश की बहन की शादी हुई है। मंगलवार की रात लगभग सभी काम निपटाने के बाद आकाश घर के बाहर लगे हैंडपंप पर हाथ धो रहे थे।

इसी दौरान सड़क पर काल बनकर दौड़ रहे तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने अनियंत्रित होकर आकाश को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश डंपर की चपेट में आ गया और उसके सीने में गंभीर आंतरिक चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने घायल आकाश को कुमारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही आकाश ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही देवगांव चौकी पुलिस ने डंपर ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। कुमारगंज पुलिस ने बताया शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। डंपर को सीज कर दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

  मृतक आकाश की बहन का कहना है कि कुमारगंज पुलिस द्वारा गाड़ी मालिक के साथ मिली भगत कर डंपर ट्रक को छुड़वाने का दबाव बना रही है मृतक आकाश की बहन ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान की भरपाई करवाई जाय और हमारे साथ न्याय हो। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय डंपर चालक बेहद लापरवाही और सराब पीकर वाहन चला रहा था। इस संबंध में कुमारगंज थाना प्रभारी ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आगे की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्यवाही करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 2
Wow Wow 0