लखीमपुर खीरी: डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा की, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

May 15, 2026 - 18:46
May 15, 2026 - 19:12
 0  4
लखीमपुर खीरी: डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा की, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। में संचालित विकास योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल की गहन समीक्षा की। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कर पोर्टलों पर नियमित रूप से अपडेट की जाए।

   बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि शासन स्तर से सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की सीधे निगरानी की जा रही है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं और पोर्टल पर सही एवं अद्यतन जानकारी अंकित करें।

  डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट रखें, जिससे जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगले माह तक प्रत्येक विभाग की प्रगति में सुधार हर हाल में दिखाई देना चाहिए, अन्यथा संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

  उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं की प्रगति निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूर्ण कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जाए। जिन परियोजनाओं में विलंब हो रहा है, उनकी संशोधित पूर्णता तिथि समुचित कारणों सहित अपडेट कराई जाए। 

  बैठक में डीएम ने विभागवार एवं परियोजनावार समीक्षा के दौरान प्रोजेक्ट अलंकार, भवन निर्माण, मनरेगा, जननी सुरक्षा योजना एवं फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर लक्ष्य के अनुरूप सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल पर योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति माह के अंतिम सप्ताह तक अनिवार्य रूप से अपडेट की जाए। 

  उन्होंने कहा कि विभागवार प्राप्त अंक और आंकड़े प्रशासन की पारदर्शिता एवं जवाबदेही का प्रतिबिंब हैं, इसलिए सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर दर्ज डाटा जमीनी हकीकत से मेल खाता हो।

   बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीएसटीओ विचित्र कुमार साहू सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0