राजकीय आईटीआई सोनीपत में ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम आयोजित विद्यार्थियों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए किया प्रेरित*
सोनीपत, अचल वार्ता। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोनीपत में मंगलवार को ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय उत्पादों के महत्व, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग तथा स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति, स्वदेशी उत्पादन और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्थानीय उत्पादों की खरीद से व्यापारियों, कारीगरों, लघु उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती मिलती है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और स्थानीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग तथा क्षेत्रीय उद्योगों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट अधिकारी रविदत्त तथा उपप्रधानाचार्य विनय कुमार गौतम ने विद्यार्थियों को ‘वोकल फॉर लोकल’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग भारतीय उद्योगों को प्रोत्साहित करता है, उत्पादन क्षमता बढ़ाता है और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए रास्ते खोलता है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. ज्योति ने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी कौशल प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अभियान विशेष महत्व रखता है। विद्यार्थी अपने हुनर के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुनील मलिक, दीपक, मैथ अनुदेशक, जगबीर राणा, प्रदीप, हरदीप, ई.एस. सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0