अयोध्या: नहर में युवक का मिला शव: तीन दिन से था लापता, नहर के किनारे मिली थी, गोताखोर चला रहे थे सर्च ऑपरेशन
अचल वार्ता,अयोध्या। जिले मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में 20 साल के युवक का शुक्रवार सुबह शारदा सहायक नहर में शव मिला। युवक अश्वनी गुप्ता खंडासा थाना क्षेत्र के मानूडीह गांव का रहने वाला था। अश्वनी मंगलवार सुबह 11 बजे से लापता था। मंगलवार शाम को शारदा सहायक नहर के किनारे अश्वनी की चप्पल और साइकिल मिली थी, जिसे खण्डासा पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था।
लापता होने की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान अजय सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से अश्वनी की तलाश शुरू की। कई घंटों की मेहनत के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। एसडीआरएफ ने तीन दिनों तक गहन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
आखिरकार, शुक्रवार सुबह अश्वनी का शव कुमारगंज थाना क्षेत्र के ब्राहिनपुर गोकुला के पास नहर में मिला, जो घटनास्थल से लगभग 14 किलोमीटर दूर है। मौके पर मौजूद पुलिस चौकी प्रभारी चिलबिली यदुनाथ सिहं, कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह, खण्डासा थाने के हेड कॉन्स्टेबल बेद प्रकाश सोनी ने लोगों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर थाना अध्यक्ष कुमारगंज ओमप्रकाश भी मौजूद रहे। खण्डासा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिक जांच में अश्वनी की मौत का कारण नहर में डूबना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0