अयोध्या : पीडब्ल्यूडी विभाग ने बकचुना गांव के लोगों को किया गुमराह कई महीनो से खुदी सड़क पर नहीं डाली गिट्टी
रुदौली विधायक पर ग्रामीणों ने रोड चेंज करवाने का लगाया आरोप
अयोध्या, अचल वार्ता। जिले के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बकचुना गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव से जाने वाली सड़क पर गिट्टी नहीं डाली गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी उन्हें गुमराह कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कहीं ना कहीं रुदौली विधायक रामचंद्र यादव का सड़क चेंज करवाने में हाथ है क्योंकि जब रोड का प्रस्ताव बकचुना गांव से हुआ था तो पूरे टिकई से क्यों जा रही है बकचुना गांव के एडवोकेट पवन शुक्ला ने बताया कि 48 करोड़ 64 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बन रही यह सड़क 29 किलोमीटर लंबी है जो आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज के उसरहन भवानी से शुरू होकर संत भीखा दास तपोस्थली से बकचुना गांव होते हुए सैदपुर से मेधा ऋषि आश्रम कामाख्या धाम तक जाएगी। जिस पर कुछ महीने पूर्व मोहली चौराहे से बकचुना गांव तक पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क के बगल पटरी पर जेसीबी लगवा कर खुदवा दिया था जिसके बाद आज तक उस गड्ढे में गिट्टी की कुटाई नहीं की गई है।
गांव के अजय शुक्ला राहुल मिश्रा श्री भगवान मिश्र सुजीत शुक्ला हरीश शुक्ला विजय तिवारी आनंद तिवारी हरि कृष्णा शुक्ला आदि ग्रामीणों ने बताया कि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने सालिक दास कुटी को सालिक दास धाम दिखाकर पीडब्ल्यूडी विभाग को गुमराह किया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी रुदौली विधायक गुमराह कर रहे हैं। और रोड चेंज करवाने में उनकी अहम भूमिका बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि अपनी ही जात विशेष पर ध्यान देकर रोड चेंज करवाया गया है। ग्रामीणों ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि "रोड नहीं तो वोट नहीं" और 2027 में इसका जवाब गांव की जनता देगी। पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही के कारण कामाख्या धाम को जाने वाले श्रद्धालुओं को और गांव के लोगों को रात में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने बताया अगर रोड गांव से नहीं बनी तो पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी सहित ठेकेदार के ऊपर उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0