स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन*
राई / सोनीपत , अचल वार्ता। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राई में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, सामाजिक सरोकार, जनजागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं में जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सेवा एवं सामाजिक दायित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली संवाद, अभिनय और जनसंचार की सहज एवं प्रभावी शैली के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विकास दहिया जी, पूर्व सदस्य, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग एवं पूर्व अध्यक्ष, डीयूएसयू, किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली तथा विशिष्ट अतिथि माई राम कौशिक जी, सामाजिक कार्यकर्ता, सोनीपत एवं पवन दुग्गल जी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार जसविंदर सिंह ने कहा, “नुक्कड़ नाटक जनसंचार का एक सशक्त एवं प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से सामाजिक विषयों और जनसेवा से जुड़े संदेशों को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।”
उन्होंने कहा, “सेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील बनने और सकारात्मक परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।”
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चंद्र, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. संतोष दुबे, श्रीमती नीलम कौशिक, प्रो.आर.पी. गर्ग सहित विश्वविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी, कोच, स्कूल के विद्यार्थी तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित दर्शकों ने नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति की सराहना की।
राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0