लखीमपुर में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ ।

Jun 28, 2026 - 14:04
 0  2
लखीमपुर में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ ।

7.33 लाख बच्चों को पूरे जिले में पिलाई जाएगी खुराक, घर-घर जाएंगे कर्मचारी ।

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । "दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार" के संकल्प के साथ जिले में रविवार से पल्स पोलियो अभियान का बिगुल बज गया। अभियान का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता संग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) अर्जुनपुरवा में फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मासूम बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभिभावकों से एक भी बच्चा छूटने न देने की अपील की।

डीएम ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर स्थायी जीत तभी संभव है, जब पांच वर्ष तक का हर बच्चा बिना चूक पोलियो की खुराक ले। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगे।

डीएम ने बताया कि 28 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान में जिले के 7 लाख 33 हजार 335 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अवश्य पोलियो की दो बूंद पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करें।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता चलाई जा रही है। सभी स्वास्थ्य टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि घर-घर पहुंचकर सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम में डीएम ने शिशु सृष्टि, हरिनंदन, दीपाली, मंशा, काव्यानी, नैना, अयांश, पीहू और लड्डू सहित कई बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ लालजी पासी, डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह, एसएमओ विकास सिंह, यूनिसेफ से मुकेश चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0