हरदोई : सड़क पर धान रोपकर सपा नेता का विरोध

Jul 9, 2026 - 19:08
Jul 9, 2026 - 20:13
 0  21

हरदोई , अचल वार्ता । सड़क बनी धान का खेत, सपा नेता ने अनोखे अंदाज में जताया विरोधहरदोई, 9 जुलाई। नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने गुरुवार को नघेटा रोड पर सड़क में धान की रोपाई कर और कीचड़ में भाजपा के झंडे लगाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि मामूली बारिश में ही पूरा शहर जलमग्न हो जाता है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान के बजाय उदासीन बने हुए हैं।

उन्होंने बताया कि नघेटा रोड के अलावा मेडिकल कॉलेज, आरआर इंटर कॉलेज, बाल विद्या भवन मार्ग, मन्ना पुरवा के निकट लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी मार्ग, मंगली पुरवा, गंगा देवी कॉलेज रोड और बिलग्राम रोड सहित कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि जल निकासी के लिए मिले बजट का सही उपयोग नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को हर वर्ष इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि खराब सड़कों और जलभराव से छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी और आम नागरिक सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई स्थानों पर गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और प्रशासन को जल्द से जल्द जल निकासी और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मौके पर मौजूद लोगों ने भी नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

इस अवसर पर समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता 'मिन्ना', अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव 'दीपू', चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, दुर्गेश, रिंकू गुप्ता, हरिश्चंद्र, रमेश यादव, विनय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- लक्ष्मीकांत पाठक 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0