पीलीभीत में मांगों को लेकर भड़के लेखपाल, तहसीलों में जोरदार धरना

Nov 16, 2025 - 15:30
Jan 3, 2026 - 22:05
 0  1
पीलीभीत में मांगों को लेकर भड़के लेखपाल, तहसीलों में जोरदार धरना

पीलीभीत, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शनिवार सुबह दस बजे तहसील परिसर में अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे लेखपालों ने अपने अधिकारों, समस्याओं और लंबित मांगों को उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करने की मांग की। दोपहर दो बजे संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।ज्ञापन में प्रारम्भिक वेतनमान में उच्चीकरण को सबसे प्रमुख मांग के रूप में रखा गया। लेखपालों का कहना था कि वर्तमान वेतन संरचना उनके कार्यभार व जिम्मेदारी के बिल्कुल अनुरूप नहीं है। साथ ही पदोन्नति के अवसर बढ़ाने, एसीपी विसंगति दूर करने, भत्तों में वृद्धि और पदनाम परिवर्तन की मांगें भी उठाई गईं।लेखपाल संघ ने बताया कि इन मुद्दों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के साथ अन्तर्मण्डलीय स्थानांतरण नीति लागू करने, पेंशन विसंगति दूर करने तथा राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना की मांग भी अन्य प्रमुख मुद्दों में शामिल रही। लेखपालों का कहना है कि बढ़ते कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों को देखते हुए राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।धरने के दौरान संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन पूरा करने के बाद लेखपाल संघ के सदस्य लौट गए। अमरिया तहसील मुख्यालय पर शनिवार को विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन किया । तहसील अध्यक्ष बृजेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरने में लेखपालों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज ऊठाई मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मयंक गोस्वामी को सौंपा। लेखपालों ने कहा उनकी प्रमुख मांगों में शैक्षिक योग्यता एवं पदनाम परिवर्तन, प्राथमिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगति दूर करना, मृतक आश्रितों को पुरानी पेंशन लागू करना, राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार के अतिरिक्त पदों का सृजन, स्टेशनरी भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करना, नियत यात्रा भत्ता के स्थान पर वाहन भत्ता लागू करना तथा विशेष वेतन भत्ता में 100 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करना शामिल है। लेखपालों का कहना था जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, धरना जारी रहेगा। धरने में लेखपाल अनूप सिंह, ज्ञानदीप गंगवार, तेज बहादुर, गुरुमेज सिंह, मोहम्मद यूनिस ,अमित मिश्रा, दीपिका वर्मा आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0