लखीमपुर खीरी : खीरी पुलिस को मिला इंटरसेप्टर वाहन

Jul 31, 2026 - 19:19
 0  1
लखीमपुर खीरी : खीरी पुलिस को मिला इंटरसेप्टर वाहन

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । आज शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ0 ख्याति गर्ग द्वारा पुलिस लाइन, खीरी परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यातायात इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर जनपद में यातायात प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा कार्यों हेतु रवाना किया गया । यह इन्टरसेप्टर वाहन कई प्रकार के आधुनिक उपकरणों से लैस है, जिससे पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने में सफलता प्राप्त होगी । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक खीरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है । इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाएगी। 

इंटरसेप्टर वाहन के प्रमुख कार्य निम्नवत हैं -

1. ओवरस्पीड वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करना।

2. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई।

3. सड़क दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखना।

4. नशे की अवस्था में वाहन चलाने, खतरनाक ढंग से वाहन संचालन तथा अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर प्रभावी नियंत्रण।

5. हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराना।

6. सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग तथा आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करना।

7. यातायात जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना।

8. आधुनिक उपकरणों एवं कैमरों के माध्यम से यातायात उल्लंघनों का साक्ष्य संकलित कर विधिक कार्रवाई को प्रभावी बनाना।

पुलिस अधीक्षक खीरी ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग पूर्ण दक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। इस अवसर पर यातायात शाखा के अधिकारी/कर्मचारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0