2026 की पहली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, दो नक्सली ढेर, AK-47 बरामद

बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में 2026 की पहली नक्सली मुठभेड़ में डीआरजी जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर किया, घटनास्थल से AK-47 राइफल बरामद।

Jan 18, 2026 - 12:25
Jan 24, 2026 - 22:45
 0  0
2026 की पहली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, दो नक्सली ढेर, AK-47 बरामद

बीजापुर, अचल वार्ता। छत्तीसगढ़ के सबसे संवेदनशील और खतरनाक नक्सल प्रभावित क्षेत्र नेशनल पार्क एरिया में वर्ष 2026 की पहली नक्सल-विरोधी कार्रवाई में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीजापुर जिले के मट्टीमरका इलाके के घने जंगलों में डीआरजी (District Reserve Guard) जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया गया है, जबकि घटनास्थल से दो ऑटोमैटिक हथियार AK-47 राइफल बरामद की गई हैं। सुबह से दोनों ओर से लगातार फायरिंग हो रही है और ऑपरेशन अभी भी जारी है।

पुख्ता सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि डीआरजी को नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके दौरान जवानों का सामना नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से हो गया।

कुख्यात नक्सली नेताओं की मौजूदगी की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ वाले इलाके में नक्सल संगठन के कुख्यात नेता पापाराव और दिलीप वेंडजा की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

पहले भी बड़ी कार्रवाई का गवाह रहा है इलाका

गौरतलब है कि नेशनल पार्क एरिया पहले भी कई बड़ी नक्सली कार्रवाइयों का गवाह रहा है। इसी इलाके में सुरक्षाबलों ने 8 लाख के इनामी नक्सली स्नाइपर सोढ़ी कन्ना,डीवीसीएम सदस्य उर्मिला (पापाराव की पत्नी)को ढेर किया था। इसके अलावा हाल ही में इसी क्षेत्र से कई नक्सलियों ने सरेंडर भी किया था, जिससे संगठन को बड़ा झटका लगा।

इलाके में कड़ी घेराबंदी

फिलहाल पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है। अतिरिक्त बलों को मौके के लिए रवाना किया गया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सलियों को किसी भी कीमत पर बचकर निकलने नहीं दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0