लुधोनी गांव के पास छप्पर डालकर बन रहे थे तमंचे, भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद

Apr 12, 2026 - 18:13
Apr 12, 2026 - 19:04
 0  3
लुधोनी गांव के पास छप्पर डालकर बन रहे थे तमंचे, भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद

लुधोनी गांव के पास नदी किनारे छप्पर डालकर चलाई जा रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार, दर्जनों तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद, पुलिस लाइन में विवेक तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी।

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खमरिया और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नदी किनारे संचालित हो रही एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और उपकरण बरामद हुए हैं। मामला थाना खमरिया क्षेत्र के लुधोनी के पास स्थित नदी के किनारे का है जहां नदी किनारे छप्पर डालकर अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां अवैध असलहा निर्माण का काम लंबे समय से चल रहा है। सूचना के आधार पर स्वाट और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की, जिसमें मौके से जमील उर्फ भुर्जी और रोज अली को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की तलाशी में 9 तैयार देशी तमंचे (315 और 12 बोर), 4 अर्धनिर्मित तमंचे, 11 लोहे की नाल, जिंदा और खोखा कारतूस समेत बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए। इसके अलावा बरमा मशीन, वेल्डिंग सामग्री, रेती, हथौड़ी, छेनी, आरी और अन्य औजार भी जब्त किए गए, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि यहां संगठित तरीके से अवैध शस्त्र निर्माण किया जा रहा था। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लगातार स्थान बदल-बदलकर सुनसान इलाकों में फैक्ट्री संचालित करते थे, जिससे पुलिस की नजर से बचा जा सके। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिन पर पहले से ही अवैध शस्त्र निर्माण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरे मामले की जानकारी सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0