तमिलनाडु में राज्यपाल बनाम सरकार विवाद, सीएम स्टालिन का बड़ा बयान
तमिलनाडु विधानसभा में राज्यपाल आरएन रवि और सरकार के बीच विवाद तेज, सीएम एमके स्टालिन ने राष्ट्रगान और परंपरा को लेकर लगाए गंभीर आरोप,
चेन्नई, अचल वार्ता
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राज्यपाल आरएन रवि के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। सीएम स्टालिन ने शनिवार को विधानसभा में आरोप लगाया कि राज्यपाल कैबिनेट द्वारा मंजूर भाषण को न पढ़कर और विधानसभा की परंपराओं पर सवाल उठाकर अपने संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल लगातार सरकार के खिलाफ काम कर रहे हैं और एक ही मुद्दे पर बार-बार आपत्ति जताकर सदन से चले जाते हैं। हाल ही में विधानसभा के संयुक्त सत्र की शुरुआत में राष्ट्रगान न बजाए जाने को लेकर राज्यपाल बिना भाषण दिए ही सदन से बाहर चले गए थे, जिससे राजनीतिक विवाद गहरा गया।
राष्ट्रगान और परंपरा पर सीएम स्टालिन का जवाब
सीएम स्टालिन ने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु विधानसभा में सत्र की शुरुआत ‘तमिल थाई वझाथु’ से करने और सत्र के अंत में राष्ट्रगान गाने की पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने कहा,
“मेरे मन में देश और राष्ट्रगान के प्रति गहरा सम्मान है। हमें किसी से राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है।”
द्रविड़ मॉडल की उपलब्धियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने द्रविड़ मॉडल सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि तमिलनाडु आज देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक के बाद एक योजनाओं की सफलता ही डीएमके सरकार की पहचान है और इसी वजह से राज्य लगातार प्रगति कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों से की तुलना
राज्यपाल के साथ चल रहे टकराव पर सीएम स्टालिन ने कहा कि वे इस संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनसे पहले के मुख्यमंत्री—सीएन अन्नादुरई, एम करुणानिधि, एमजी रामचंद्रन और जे जयललिता—को इस तरह की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा।
अपराध दर को लेकर भी दिया बयान
सीएम स्टालिन ने दावा किया कि राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार नीचे आ रहा है और डीएमके सरकार के कार्यकाल में यह पिछली एआईएडीएमके सरकार की तुलना में कम हुआ है।
तमिलनाडु में राज्यपाल और राज्य सरकार के बीच बढ़ता यह टकराव आने वाले दिनों में राजनीतिक और संवैधानिक बहस को और तेज कर सकता है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0