कादीपुर सानी हाल्ट को हाईवे से जोड़ने और रोशनी की मांग
सांसद उत्कर्ष वर्मा ने रेलवे को ज्ञापन सौंपकर कादीपुर सानी हाल्ट को लखीमपुर-सीतापुर हाईवे से जोड़ने के लिए पक्की सड़क और हाल्ट पर प्रकाश व्यवस्था की मांग की है। इससे क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी को आवागमन में सीधा लाभ मिलेगा।
कादीपुर सानी हाल्ट को हाईवे से जोड़ने व प्रकाश व्यवस्था की मांग
सांसद उत्कर्ष वर्मा ने रेलवे को सौंपा ज्ञापन, 20 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। सांसद उत्कर्ष वर्मा ने भारतीय रेलवे को ज्ञापन सौंपकर कादीपुर सानी हाल्ट तक पक्की सड़क निर्माण कर उसे लखीमपुर-सीतापुर हाईवे से जोड़ने तथा हाल्ट पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। सांसद ने कहा कि इससे क्षेत्र की लगभग 20 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी।
ज्ञापन में सांसद ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा स्थापित कादीपुर सानी हाल्ट लखीमपुर नगर से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित है, जबकि यह मुख्य लखीमपुर-सीतापुर मार्ग से करीब 3 किलोमीटर अंदर है। हाल्ट तक पहुंचने के लिए आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। साथ ही हाल्ट पर प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण रात्रि के समय यहां अंधेरा छाया रहता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कादीपुर सानी हाल्ट का निर्माण क्षेत्रीय जनता की सुविधा के लिए किया गया था, लेकिन सड़क और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। हाल्ट का उपयोग ग्राम कादीपुर, चक कमलापुर, ललवापुर, मूसेपुर खुर्द, मरखापुर, मूसेपुर कलां, मछदिया, सफियापुर, मोहम्मदाबाद, मीरा, गजनपुर, सरिया समेत आसपास के गांवों के लोग करते हैं। इन गांवों की कुल आबादी लगभग 18 से 20 हजार है।
कादीपुर सानी हाल्ट पर प्रतिदिन चार अप ट्रेनें—55087, 55083, 55081 व 55085 तथा चार डाउन ट्रेनें—55086, 55084, 55082 व 55088 रुकती हैं। इनमें 55082 शाम 7:30 बजे, 55085 रात्रि 9:08 बजे तथा 55088 रात्रि 9:30 बजे हाल्ट पर पहुंचती हैं। लेकिन सड़क और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में यात्री रात्रि के समय हाल्ट तक नहीं पहुंच पाते। मजबूरन उन्हें लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
सांसद उत्कर्ष वर्मा ने मांग की कि कादीपुर सानी हाल्ट को लखीमपुर-सीतापुर हाईवे से जोड़ने के लिए लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए और हाल्ट पर समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि इससे हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम रेल सुविधा मिल सकेगी तथा रेलवे द्वारा स्थापित हाल्ट का उद्देश्य भी पूर्ण होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0