लखीमपुर खीरी : छोटी काशी कांवड़ मेला तैयार

Aug 1, 2026 - 17:55
 0  4
लखीमपुर खीरी : छोटी काशी कांवड़ मेला तैयार

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। श्रावण मास में आस्था के केंद्र छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए नीलकंठ मैदान में डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में ड्यूटी ब्रीफिंग आयोजित हुई। इसमें अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता, बेहतर समन्वय और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का मंत्र दिया। ब्रीफिंग का सफल संयोजन एसडीएम युगांतर त्रिपाठी और एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय ने किया।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि छोटी काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा अतिथि है। उसकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन की सेवा और संवेदनशीलता की परीक्षा भी है। सभी अधिकारी अपने ड्यूटी क्षेत्र, रूट व्यवस्था और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के प्लान से पहले ही पूरी तरह परिचित हो जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाए। मंदिर में दर्शन व्यवस्था सुचारु होने पर ही भीड़ को आगे बढ़ाया जाए, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। विश्राम स्थलों पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें।

भक्तों के मन में बस जाए छोटी काशी की अच्छी छवि

डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार, मंदिर प्रबंधन से बेहतर तालमेल और सेवा भावना के साथ ड्यूटी निभाएं। प्रयास ऐसा हो कि दूर-दराज से आने वाले भोले के भक्त लंबी यात्रा की थकान भूलकर छोटी काशी से संतोष और सुखद स्मृतियां लेकर लौटें।

वन क्षेत्रों में विशेष निगरानी, कांवड़ मार्गों पर रहेगी पैनी नजर

कांवड़ यात्रा मार्गों पर पड़ने वाले वन क्षेत्रों को लेकर डीएम ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़िए समूह में अनुशासित तरीके से भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ें। प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए हर स्तर पर तैयार रहेगा।

एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने कहा कि पुलिस की भूमिका श्रद्धालुओं को सुविधा देने की है, बाधा खड़ी करने की नहीं। आने वाले श्रद्धालुओं को विश्राम स्थलों की ओर डायवर्ट किया जाए तथा मंदिर परिसर में सक्रिय जेबकतरों, स्नैचरों और अन्य संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। एसपी ने वायरलेस संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने, बिना रिलीवर ड्यूटी न छोड़ने, प्रत्येक शुक्रवार मैनपावर की समीक्षा करने और किसी भी ड्यूटी प्वाइंट से मनमाने ढंग से फोर्स न हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि "जीरो एक्सीडेंट, जीरो इंसिडेंट" के संकल्प के साथ पूरे मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

श्रद्धालु सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता, सुरक्षित और सुगम दर्शन का संकल्प : अमन गिरी

विधायक अमन गिरी ने कहा कि छोटी काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी है। शासन और प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुखद वातावरण में कर सकें। शिव मंदिर समिति जनार्दन गिरी ने भी अपने सारगर्भित विचार व्यस्त कियें।

पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को एसडीएम (गोला) युगांतर त्रिपाठी, एएसपी (पूर्वी) पवन गौतम, एएसपी (पश्चिमी) अमित कुमार राय, सीओ महक शर्मा ने संबोधित करते हुए मेला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियो को उनके कार्य दायित्व समझाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0