अवैध अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, कब्जाधारियों के हौसले पस्त
अवैध अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, कब्जाधारियों के हौसले पस्त
एसडीएम बीकापुर श्रेया के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, एनटी घनश्याम शुक्ल ने दिखाई सख्ती
अयोध्या,अचल वार्ता । विकास खंड तारुन की ग्रामसभा खेमीपुर निधियांवा में शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर अवैध अतिक्रमण पर जमकर गरजा। नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में राजस्व, पीडब्ल्यूडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन लगाकर सड़क की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर हटवा दिया। प्रशासन की सख्ती देख अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोग स्वयं ही अपना सामान हटाते नजर आए।
नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ल ने बताया कि ग्रामसभा की आराजी संख्या 1393, रकबा 0.090 हेक्टेयर भूमि चकबंदी आकार पत्र 41 व 45 में सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि पर शिवशंकर पुत्र रामकेवल द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके का सीमांकन एवं जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
उन्होंने बताया कि कब्जाधारी को पूर्व में स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पालन न किए जाने पर एसडीएम बीकापुर सुश्री श्रेया के निर्देश पर शुक्रवार को अभियान चलाकर रास्ते की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासन की सूझबूझ और शांतिपूर्ण ढंग से हुई कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभियान के दौरान लेखपाल अवधेश चौबे, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0