अयोध्या: मवई उपकेंद्र क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और केबल की तेज मरम्मत, गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी
मवई, अयोध्या (अचल वार्ता)। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने अभी से बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बीपी मवई उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले रानी मऊ फीडर और रायपुर फीडर क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की व्यापक चेकिंग और मरम्मत का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
बिजली विभाग की टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर ट्रांसफार्मरों की स्थिति की जांच कर रही है। जहां भी किसी प्रकार की तकनीकी खराबी सामने आ रही है, उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है। इसके साथ ही एलटी केबल और बिजली लाइनों की भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
दरअसल गर्मी के मौसम में बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ता है। कई बार इसी वजह से फाल्ट होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने इस बार पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांसफार्मर, एलटी केबल और अन्य उपकरणों की व्यापक जांच शुरू कर दी है।
लाइनमैन संतोष कुमार यादव, नेपेंद्र कुमार वर्मा, राजीव वर्मा और रामकुमार ने बताया कि पिछले वर्षों में गर्मी के दौरान कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों में खराबी और ओवरलोड की स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उसी अनुभव के आधार पर इस बार गर्मी शुरू होने से पहले ही पूरे क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की जांच और मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीपी मवई उपकेंद्र के जेई पारुल सिन्हा और एसडीओ अभय सिंह के निर्देश पर रानी मऊ और रायपुर फीडर से जुड़े सभी गांवों में ट्रांसफार्मरों की जांच, एलटी केबल की मरम्मत और बिजली लाइनों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां जरूरत महसूस हो रही है वहां तुरंत सुधार कार्य भी कराया जा रहा है।
बिजली विभाग के इस विशेष अभियान से क्षेत्र के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इस बार गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली कटौती की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी। विभाग का प्रयास है कि समय रहते सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके।
- प्रदीप यादव
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0