अयोध्या: ग्रामीण कवि चौपाल में साहित्य का उत्सव, जनवादी लेखक संघ फैज़ाबाद इकाई ने किया भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन
अयोध्या के ग्राम सिहोरिया मलखाननपुर में जनवादी लेखक संघ फैज़ाबाद इकाई द्वारा ग्रामीण कवि चौपाल का आयोजन, कवि सम्मेलन में शायरी, कविता और व्यंग्य की शानदार प्रस्तुतियाँ।
अयोध्या, अचल वार्ता। जनवादी लेखक संघ फैज़ाबाद इकाई के तत्वावधान में ग्रामीण कवि चौपाल का भव्य आयोजन ग्राम सिहोरिया मलखाननपुर में साहित्यिक गरिमा, उत्साह और जनसरोकारों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाध्यापक बाबू सूर्य प्रकाश सिंह ने की। उन्होंने आयोजन को अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि ऐसे साहित्यिक मंच समाज को संवेदनशील और जागरूक बनाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन मशहूर शायर मुज़म्मिल फ़िदा ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के कवि सम्मेलन कविता और शायरी को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
शायरी और कविता ने बाँधा समां...
मुज़म्मिल फ़िदा ने अपनी शायरी से श्रोताओं को गहराई से सोचने पर मजबूर किया—
- “क्या यक़ीं करे कोई आज के ज़माने पर,
- हम भी हैं निशाने पर, तुम भी हो निशाने पर।”
डॉ. विशाल श्रीवास्तव की अतुकांत कविता ने श्रोताओं को गहराई तक प्रभावित किया, वहीं अवधी कवि आसाराम जागरथ की बतरसा को खूब सराहना मिली।
मो. ज़फ़र ने शकील बदायूंनी की प्रसिद्ध ग़ज़ल पढ़कर माहौल में रवानगी भर दी। इल्तिफ़ात माहिर की शायरी ने मानवीय संवेदनाओं को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।
एड. राजीव का गीत श्रोताओं की ज़ुबान पर चढ़ गया, जबकि व्यंग्यकार नीरज सिन्हा ‘नीर’ ने अपने तीखे व्यंग्य से सभागार को ठहाकों से भर दिया। सत्यभान सिंह ‘जनवादी’ ने अपनी क्रांतिकारी कविताओं के माध्यम से जनचेतना को स्वर दिया।
कबीर के शेरों की प्रस्तुति ने दर्शन और सादगी का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। जेपी श्रीवास्तव ‘पूनम’ की ग़ज़लों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।
साहित्य समाज का दर्पण : वक्ता
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व महामंत्री बार गिरीश तिवारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि कवि और शायर समाज का दर्पण होते हैं, जो सच को शब्दों के माध्यम से सामने लाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर अखिलेश सिंह ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
इस साहित्यिक आयोजन के मुख्य कर्ताधर्ता अखिलेश सिंह रहे। उनके साथ अभिषेक सिंह, नीरज सिंह, जोगेंद्र सिंह, गौरव सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह सहित सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0