गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त, जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक की बैठक में एजेंसियों को पारदर्शी वितरण के निर्देश ।

Mar 14, 2026 - 17:23
Mar 14, 2026 - 18:09
 0  3
गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त, जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक की बैठक में एजेंसियों को पारदर्शी वितरण के निर्देश ।

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की कथित किल्लत को लेकर प्रशासन और उपभोक्ताओं के दावों में अंतर देखने को मिल रहा है। जहां प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, वहीं कई उपभोक्ता एजेंसियों पर समय से गैस न मिलने की शिकायत कर रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में गैस एजेंसी संचालकों के साथ हुई बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में लगभग 11 हजार गैस सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है और लगातार सप्लाई भी आ रही है, इसलिए गैस की कमी जैसी स्थिति नहीं है।

  इसी दौरान जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसी संचालकों, सेल्स ऑफिसरों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस का वितरण फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के आधार पर किया जाएगा तथा एजेंसियों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रखी जाएगी, साथ ही लेखपालों द्वारा भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। 

  प्रशासन ने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि दूसरी ओर उपभोक्ताओं का कहना है कि कई गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब लोगों की नजर प्रशासन की सख्ती के बाद जमीनी स्तर पर व्यवस्था में होने वाले सुधार पर टिकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0