अयोध्या राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कथित कोशिश, युवक हिरासत में
अयोध्या राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। सुरक्षा बलों ने युवक को हिरासत में लिया। खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं, प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, खुफिया विभाग कर रहा पूछताछ
अयोध्या, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में एक संवेदनशील घटना सामने आई है। राम मंदिर परिसर में एक युवक द्वारा नमाज पढ़ने की कथित कोशिश किए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने युवक को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, युवक राम मंदिर परिषद के दक्षिणी परकोटे के पास नमाज अदा कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि जब सुरक्षाकर्मियों ने युवक को रोका तो उसने कथित तौर पर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कुछ समय के लिए परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल युवक से पुलिस, खुफिया एजेंसियां और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संयुक्त रूप से पूछताछ कर रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि राम मंदिर परिसर देश के सबसे अधिक सुरक्षित धार्मिक स्थलों में शामिल है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करता है। घटना के बाद राम मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0