दुनिया में 6 महीने में आए 1.10 लाख भूकंप, फिलीपींस में 6.9 तीव्रता से 60 की मौत
USGS रिपोर्ट के अनुसार 2025 के छह महीनों में दुनियाभर में 1.10 लाख भूकंप दर्ज किए गए। फिलीपींस में 6.9 तीव्रता के भूकंप से 60 लोगों की मौत।
नई दिल्ली, अचल वार्ता।
संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) की रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2025 से 13 सितंबर 2025 के बीच दुनियाभर में लगभग 1 लाख 10 हजार भूकंप के झटके दर्ज किए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आंकड़ा पृथ्वी की सतह के नीचे बढ़ती भूगर्भीय गतिविधियों की ओर इशारा करता है, जिसे मानव जाति के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
इसी बीच फिलीपींस के सेबू प्रांत में मंगलवार रात 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 150 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।
चर्च और इमारतों को भारी नुकसान
यूएसजीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र बोगो शहर के पास था, जिसकी आबादी लगभग 90 हजार है। तेज झटकों से एक चर्च का ऊपरी हिस्सा गिर गया, एक होटल की फर्श की टाइलें टूट गईं और मैकडॉनल्ड्स के दो मंजिला आउटलेट की दीवारें ढह गईं, जिससे इमारत झुक गई।
दहशत में लोग, अस्पतालों पर दबाव
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। एक रैम्प वॉक शो के दौरान मौजूद मॉडल और दर्शक भी सुरक्षित स्थान की तलाश में भागते नजर आए। एक ब्लॉगर ने भूकंप के झटकों को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया।
रेस्क्यू टीमें घायलों को बचाने और अस्पताल पहुंचाने में जुटी हैं, लेकिन अस्पतालों में जगह की कमी के कारण कई घायलों का इलाज बाहर ही करना पड़ा।
रिंग ऑफ फायर बना खतरे की घंटी
यूएसजीएस का कहना है कि वर्ष 2025 के छह महीनों में आए 1.10 लाख भूकंप पृथ्वी की प्लेट टेक्टोनिक्स गतिविधियों और “रिंग ऑफ फायर” क्षेत्र की बढ़ती सक्रियता का संकेत हैं। फिलीपींस भी इसी रिंग ऑफ फायर के पास स्थित है, जो भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिए अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लगातार बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। समय रहते सतर्कता, आपदा प्रबंधन और बचाव प्रयास ही जान-माल की क्षति को कम कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0