अम्बेडकर नगर में सम्पन्न हुआ “समर्थ उत्तर प्रदेश , विकसित उत्तर प्रदेश @2047” कार्यक्रम
अचल वार्ता,अम्बेडकर नगर। प्रदेश सरकार के महत्त्वाकांक्षी अभियान “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” के अंतर्गत सोमवार को जनपद अंबेडकरनगर में विचार-विमर्श एवं सुझाव कार्यक्रम आयोजित किया गया। नोडल अधिकारी एवं सचिव प्रांजल यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी, प्रबुद्धजन, कृषक, उद्यमी, छात्र, बुनकर तथा पत्रकारों ने प्रदेश के विकास संबंधी अपने दूरगामी सुझाव प्रस्तुत किए।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी द्वारा प्रस्तुत विजन डॉक्यूमेंट 2047 के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में जनपद की जीडीपी 20,713 करोड़ रही, जिसे वर्ष 2046-47 तक 96,729 करोड़ तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार प्रति व्यक्ति आय को वर्तमान 61,753 रुपये से बढ़ाकर 17 लाख रुपये तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बीते आठ वर्षों की उपलब्धियों को साझा करते हुए विज़न 2047 हेतु अपने सुझाव रखे। कृषकों ने धान, गेहूं व अन्य फसलों की विपणन व्यवस्था सुदृढ़ करने, टांडा में नवीन मंडी स्थल एवं केला प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का सुझाव दिया। बुनकर समाज की ओर से टांडा टेक्सटाइल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल प्रिंटिंग, पैकेजिंग, कपड़ा टेस्टिंग लैब व एक्सपोर्ट हब बनाने की मांग रखी।
छात्रों ने जनपद में ही रोजगार के अवसर बढ़ाने, अप्रेंटिसशिप की सुविधा बढ़ाने तथा प्रयोगात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में आधुनिक लैब व दिव्यांग छात्रों हेतु अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। कृषि विभाग ने मिलेट्स, चना व मटर के विक्रय हेतु मंडियों में अलग विक्रय केंद्र बनाने की आवश्यकता जताई।
सर्किट हाउस सभागार में पत्रकारों के साथ विशेष सत्र आयोजित हुआ, जिसमें स्वरोजगार को बढ़ावा देने, डेयरी यूनिट स्थापित करने, औद्योगिक विकास क्षेत्र विकसित करने तथा सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुँचाने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रबुद्ध जनों ने पत्रकारों से अपील की कि 5 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2025 तक चल रहे विजन डॉक्यूमेंट 2047 अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कराने हेतु बनाए गए क्यूआर कोड का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
अंत में नोडल अधिकारी ने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए जनता के सुझावों को विजन डॉक्यूमेंट 2047 में समाहित कर भविष्य की मजबूत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0