याद-ए-मुस्तफा में डूबा कछौना, अकीदत के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
कछौना (हरदोई)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को कस्बा कछौना में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत और उल्लास के साथ निकाला गया। विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। बच्चे, युवा, हाफिज, मौलाना और आम लोग इस्लामी परचम थामे कतारबद्ध होकर चल रहे थे। नात-ओ-मंकबत से वातावरण गूंजता रहा।
जुलूस के मार्ग पर स्थानीय लोगों ने अकीदतमंदों का स्वागत किया। कई स्थानों पर जलपान शिविर लगाकर शीतल जल, शर्बत, फल व खाद्य सामग्री वितरित की गई। पूर्व सभासद प्रतिनिधि मेराज मंसूरी, वारिस मियां, फुरकान मियां, मोहम्मद समीर, सभासद प्रतिनिधि कुर्बान मंसूरी, जाबिर व जुबेर समेत तमाम गणमान्य लोगों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। जुलूस के समापन पर देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल ग्राम पतकुंईयां में भी देखने को मिली। यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओम प्रकाश मिश्रा ने ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम में शामिल होकर मुस्लिम समाज के लोगों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। बघौली क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल और कछौना थाना प्रभारी अमित सिंह ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0