Doiwala Sugar Mill Accident: सफाई के दौरान बड़ा हादसा, 28 वर्षीय मजदूर की मौत, दो अन्य घायल
ऋषिकेश, अचल वार्ता। उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में स्थित डोईवाला चीनी मिल में सफाई कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान जगमोहन (28 वर्ष) पुत्र रामकुमार निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ठेकेदार के माध्यम से मिल में सफाई कार्य कर रहा था।
सफाई के दौरान मशीन में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार चीनी मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद मिल बंद हो चुकी थी। इसके बाद मिल परिसर में ठेकेदार अशोक के माध्यम से मजदूरों से मशीनों की सफाई और रखरखाव का काम कराया जा रहा था।
हादसे के समय मजदूर मशीनों के भीतर जमी हुई चीनी को खुरचकर बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हादसा हो गया, जिसमें तीन मजदूर घायल हो गए। हालांकि घटना किस कारण हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
घटना के बाद मिल प्रशासन ने घायल मजदूरों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान जगमोहन (28) की मौत हो गई।
दो अन्य मजदूरों का इलाज जारी
हादसे में घायल अरुण (23) पुत्र ओमप्रकाश के पैर में गंभीर चोट आई है, जहां डॉक्टरों ने टांके लगाए हैं। वहीं तीसरे मजदूर घनश्याम निवासी हरदोई को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम हिमालयन हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0