हरदोई : योग से निरोगी काया का संदेश, हरदोई में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
- योग से निरोगी काया का संदेश, हरदोई में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
हरदोई , अचल वार्ता। "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम के साथ शनिवार को जनपद हरदोई में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह, उमंग और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। जिले के प्रमुख सरकारी संस्थानों, पुलिस विभाग, प्रशासनिक कार्यालयों और थाना परिसरों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कोतवाली देहात स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुनय झा तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए, जिनमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। राज्य मंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, अवसाद और अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। योग व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर कार्यक्षमता प्रदान करता है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। "स्वस्थ आयु के लिए योग" की थीम को सार्थक बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेना चाहिए। उधर रिजर्व पुलिस लाइन में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों तथा पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है, ऐसे में योग उन्हें मानसिक संतुलन, ऊर्जा और कार्यक्षमता बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करता है। जनपद के सभी थाना परिसरों में भी योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। थाना सांडी, कछौना, कोतवाली देहात, बिलग्राम, पचदेवरा, पाली, महिला थाना, माधौगंज, बेनीगंज, कोतवाली शहर, लोनार, मल्लावां, शाहाबाद तथा बेहटा गोकुल सहित विभिन्न थानों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
योग सत्र के दौरान सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन तथा विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। योग व्यक्ति में अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करता है। वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे जनपद में योग दिवस के आयोजन ने स्वास्थ्य, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0