अयोध्या: मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर ग्रामीणों के साथ सपा का जोरदार प्रदर्शन
मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर बीकापुर क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ सपा का जोरदार प्रदर्शन। टेलीकॉम कंपनियों पर नेटवर्क गायब रहने और महंगे रिचार्ज का आरोप लगाया गया।
बीकापुर क्षेत्र में टेलीकॉम कंपनियों के खिलाफ उतरे ग्रामीण, नेटवर्क और महंगे रिचार्ज का किया विरोध
अयोध्या, अचल वार्ता। मोबाइल नेटवर्क बार-बार सिम से गायब होने और ग्रामीण क्षेत्रों में संचार व्यवस्था चरमराने को लेकर समाजवादी पार्टी ने ग्रामीणों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विधानसभा बीकापुर क्षेत्र के गुंधौर चौराहे पर आयोजित किया गया, जहां समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव दिव्यांग पंडित समरजीत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने टेलीकॉम कंपनियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान टेलीकॉम कंपनियों के बैनर और टावर के सामने नारेबाजी की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांवों में दिन-रात मोबाइल नेटवर्क गायब रहता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इमरजेंसी सेवाओं तक नहीं पहुंच पा रही जनता
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पंडित समरजीत ने कहा कि मौजूदा सरकार में टेलीकॉम कंपनियों की मनमानी चरम पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क इतना कमजोर है कि 102, 108 और 112 जैसी इमरजेंसी सेवाओं पर भी कॉल नहीं लग पाती। इससे लोगों की जान तक जोखिम में पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनियां 30 दिन का रिचार्ज कराती हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को केवल 24 दिन की वैधता देती हैं। इस तरह एक साल में 12 महीने होते हुए भी कंपनियां 13 महीने का रिचार्ज वसूल रही हैं, जो जनता के साथ सीधी लूट है।
5G के दावों पर उठे सवाल
सपा नेता ने कहा कि सरकार ने 5G नेटवर्क को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज हालत यह है कि ग्रामीण इलाकों में 2G और 4G नेटवर्क तक ठीक से काम नहीं कर रहा। ऐसे में 5G की बातें जनता के साथ मजाक के अलावा कुछ नहीं हैं।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पंडित समरजीत ने आरोप लगाया कि सरकार टेलीकॉम कंपनियों की गुलाम बन चुकी है और उनकी मनमानी पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि कंपनियां लगातार रिचार्ज महंगा कर रही हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
2027 में बदलाव का दावा
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी और जनता विरोध की आवाज को और तेज करेगी।
इस प्रदर्शन में अनिरुद्ध सिंह, करण पटेल, विजय यादव, विनय पांडे, अजय वर्मा, छोटेलाल, कन्हैयालाल निषाद, संतोष कुमार और जोखू राम मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0