जौनपुर: जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार

May 17, 2026 - 21:29
 0  0
जौनपुर: जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार
  • कई अधिकारियों पर कार्यवाही का निर्देश वसूली और विद्युत वितरण में कमी न आए

जौनपुर , अचल वार्ता। जिलाधिकारी  सैमुअल पॉल एन. द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार देर सायं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।

  बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया कि आंधी तूफान के कारण जो पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं उनको युद्धस्तर पर विभिन्न एजेंसिया लगाकर दो दिनों के अंदर पोल लगाते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल कराएं एवं पूर्ण रूप से बहाल होने तक प्रतिदिन की प्रगति से अधीक्षण अभियंता तथा अधिशासी अभियंता शाम को अवगत कराएं एवं आपूर्ति बहाल होने के पश्चात सभी पोलो की ग्राउटिंग करा लें,जहां पर स्टे की आवश्यकता है वहां पर स्टे लगा दिया जाए।

  इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि परिवर्तक कम से कम क्षतिग्रस्त हो तथा सभी परिवर्तक पर सुरक्षा उपकरण जैसे टेललेस यूनिट एवं फ्यूज की स्थापना इत्यादि कर लिया जाए तथा अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में परिवर्तक उपलब्ध रखने हेतु निर्देशित किया गया जिससे कि परिवर्तक छतिग्रस्त होने पर तुरंत बदला जा सके। सभी उपखंड अधिकारियों को यह सचेत किया गया कि प्रत्येक उपभोक्ता के विद्युत बिल का निस्तारण उपखंड कार्यालय पर हो जाना चाहिए अगर इसमें कहीं पर भी लापरवाही पाई जाती है तो कार्यवाही कर दी जाएगी।

  जनपद मुख्यालय पर ट्रिपिंग की व्यवस्था का तत्काल निराकरण किया जाए एवं सभी विद्युत पोलो एवं तारों का अनुरक्षण एवं ट्री कटिंग कर लिया जाए जिससे कि आगामी वर्षा ऋतु में कहीं पर भी दुर्घटना की संभावना न बनी रहे तथा साथ ही साथ सभी परिवर्तकों की लोड बैलेंसिंग करते रहें। विशेषकर जल भराव वाले एरिया तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यह सुनिश्चित कर ले कि कहीं पर भी करंट उतरने की संभावनाएं ना बनी रहे तथा इंसुलेशन ठीक रहे।

     सभी अधिशासी अभियंता नियमित रूप से आरसी भेजते रहें, आरसी में उपभोक्ता का नाम, सही पता अंकित रहे जिससे की वसूली कराई जा सके,साथ ही साथ सभी तहसीलों में आरसी का मिलान कर लिया जाए। विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले तीन माह तक अलर्ट मोड पर रहेंगे तथा विद्युत व्यवधान होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल करेंगे इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

    समीक्षा बैठक के दौरान जवाब से संतुष्ट न होने पर अधीक्षण अभियंता द्वितीय को कारण बताओं नोटिस तथा उपखंड अधिकारी खेतासराय का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया की 15 दिन के पश्चात पुन: समीक्षा बैठक की जाएगी और यदि उपरोक्त दिशा निर्देशों का अनुपालन न किया जाना पाया जाएगा तो संबंधित के विरुद्ध प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।

  बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड स्तर तक के अधिकारियों एवं भंडार सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0