नेहा कक्कड़ ने रोहनप्रीत सिंह से तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं– पोस्ट इमोशनल थी
नेहा कक्कड़ ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए रोहनप्रीत सिंह से तलाक की खबरों को अफवाह बताय, सिंगर ने कहा– रिश्तों से नहीं, सिस्टम से है परेशानी।
मुंबई, अचल वार्ता।
सोशल मीडिया पर मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ के हालिया पोस्ट के बाद उनके पति रोहनप्रीत सिंह से तलाक की अफवाहें तेज हो गई थीं। “रिश्तों और जिम्मेदारियों से ब्रेक” लेने की बात ने यूजर्स के बीच तरह-तरह के कयास खड़े कर दिए। हालांकि अब नेहा कक्कड़ ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में नेहा ने बताई सच्चाई
नेहा कक्कड़ ने अपनी ऑफिशियल इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर कर साफ कहा कि उनके पति रोहनप्रीत सिंह या उनके परिवार का उस पोस्ट से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने तलाक की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि वह पोस्ट उन्होंने भावनात्मक स्थिति में शेयर कर दी थी।
‘रोहनप्रीत बेहद मासूम हैं’
नेहा ने अपने नोट में पति रोहनप्रीत सिंह को “मासूम” बताते हुए लोगों से अपील की कि वे उनके पति या परिवार को इस मामले में न घसीटें। उन्होंने लिखा कि रोहनप्रीत और उनका परिवार दुनिया के सबसे अच्छे लोग हैं और आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें उनके परिवार का सबसे बड़ा योगदान है।
रिश्तों से नहीं, सिस्टम से है परेशानी
सिंगर ने यह भी साफ किया कि उनकी परेशानी किसी रिश्ते या परिवार से नहीं, बल्कि कुछ लोगों और सिस्टम से है। नेहा ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय उन्हें अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए था, क्योंकि यहां छोटी-सी बात भी बड़ा मुद्दा बन जाती है।
अब निजी जिंदगी सोशल मीडिया पर नहीं
नेहा कक्कड़ ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उन्होंने एक बड़ा सबक लिया है और अब अपनी निजी जिंदगी सोशल मीडिया पर साझा नहीं करेंगी। खुद को “इमोशनल नेहा” बताते हुए उन्होंने कहा कि वह इस दुनिया के लिए शायद जरूरत से ज्यादा भावुक हो जाती हैं।
फैंस से मांगी माफी
नेहा ने अपने फैंस से माफी मांगते हुए उनके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही खुद को संभालकर वापस आएंगी।
कैसे शुरू हुई थीं अफवाहें
गौरतलब है कि इससे पहले नेहा कक्कड़ ने एक पोस्ट में कहा था कि वह काम, रिश्तों, जिम्मेदारियों और सोशल मीडिया से ब्रेक ले रही हैं और उन्हें नहीं पता कि वह कब लौटेंगी या लौटेंगी भी या नहीं। उन्होंने पैपराजी और फैंस से प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की थी। हालांकि कुछ ही समय बाद उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका था।
अब नेहा की सफाई के बाद यह पूरी तरह साफ हो गया है कि उनके वैवाहिक जीवन में सबकुछ ठीक है और तलाक की खबरें महज अफवाह थीं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1