लखीमपुर खीरी : छोटी काशी में श्रावण मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

Jul 6, 2026 - 17:23
 0  1
लखीमपुर खीरी : छोटी काशी में श्रावण मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। आगामी श्रावण माह के दौरान छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं के दृष्टिगत डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मंदिर कॉरिडोर, परिसर तथा प्रमुख संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल करते हुए साफ संदेश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने नक्शे के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की व्यवस्था का विस्तृत खाका समझा। श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के निर्बाध आवागमन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।कॉरिडोर निर्माण की कार्यदायी संस्था को डीएम ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि श्रावण माह शुरू होने से पहले सभी जरूरी अवशेष कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी एसडीएम स्तर से होगी और कार्यदायी संस्था प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएगी। गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीएम-एसपी ने मेला अवधि के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि छोटी काशी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव मिल सके। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ महक शर्मा, ईई पीडब्लूडी तरुणेन्द्र त्रिपाठी, जिला अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन शर्मा, प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह, कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0