पटरंगा में कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा घायल, इलाज के दौरान भतीजे की मौत; विधायक ने परिजनों से की मुलाकात

अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान भतीजे की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर विधायक रामचंद्र यादव ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।

Jan 11, 2026 - 19:04
Jan 21, 2026 - 21:55
 0  13
पटरंगा में कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा घायल, इलाज के दौरान भतीजे की मौत; विधायक ने परिजनों से की मुलाकात

मवई/अयोध्या (अचल वार्ता)। अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज क्रॉसिंग पर एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

सीएचसी रुदौली में भतीजे की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही पटरंगा पुलिस और हाईवे चौकी प्रभारी राजकुमार मौके पर पहुंचे। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमर यादव (26) पुत्र राम सूरत, निवासी ग्राम बरौली, थाना मवई को मृत घोषित कर दिया।

चाचा जिला अस्पताल रेफर

दूसरे घायल मोहित यादव, पुत्र रमेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार मोहित के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। बताया गया कि अमर यादव और मोहित यादव आपस में चाचा-भतीजे थे।

विधायक ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल

घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। विधायक ने मृतक अमर यादव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई...

हाईवे चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवकों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी रुदौली भेजा गया था। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

- अनिल यादव 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0