हरिद्वार : डीएम मयूर दीक्षित ने सुनीं 90 शिकायतें, 48 का मौके पर निस्तारण

Jul 6, 2026 - 17:10
 0  1
हरिद्वार : डीएम मयूर दीक्षित ने सुनीं 90 शिकायतें, 48 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार , अचल वार्ता । जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 90 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, जलनिकासी, अतिक्रमण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित। जन सुनवाई कार्यक्रम में आये फरयादी सलेमपुर मेहदूद निवासी ज्ञानचंद ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी खाली पड़ी भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर कबाड़ रखा गया है। उन्होंने भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए अवैध कबाड़ हटवाने की मांग की। ग्राम पंचायत हरजौलीजट, विकासखंड नारसन के ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में मार्गों के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है तथा कार्य में लगे लोगों को गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस बल की उपस्थिति में निर्माण कार्य संपन्न कराने की मांग की। भगवानपुर क्षेत्र के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने शिकायत की कि पैतृक आम के बाग में उनके हिस्से की तैयार फसल को विपक्षी द्वारा जबरन तोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तथा अपने हिस्से की फसल की सुरक्षा एवं उचित कार्रवाई की मांग की। ग्राम भोगपुर निवासी अर्जुन कुमार ने बीएसएनएल विभाग में जनरेटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करने के दौरान आठ माह के लंबित वेतन का भुगतान कराए जाने की मांग की। कनखल निवासी उमा सिपाहा ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रोकने तथा सड़क निर्माण कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। बहादराबाद निवासी तजेंद्र सिंह ने दौलतपुर क्षेत्र में जलभराव, जलनिकासी व्यवस्था के अभाव तथा गंगा कैनाल के बंधे पर संभावित कटाव को गंभीर बताते हुए ड्रेनेज नालों के निर्माण एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की । निवासी ग्राम बिशनपुर कुंडी (झरड़ा अहतमाल) के घुमंतू एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की ओर से पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई न होने का उल्लेख करते हुए उनके घरों तक विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। रानीपुर मोड़ निवासी नरेंद्र अरोड़ा ने शुभम विहार एवं द्वारिका विहार के निकट एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन नाले का कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण क्षेत्र में जलभराव, गंदगी एवं आवागमन में हो रही कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए नाले का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में प्रस्तुत हो रही हैं, उनका विशेष प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निस्तारण किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा 

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 501 तथा एल-2 स्तर पर 151 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) प्रमोद चंद पांडे, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0